पालीगंज/पटना/लखनऊ : शराबबंदी वाले बिहार में तस्करों की चालबाज़ी रुकने का नाम नहीं ले रही। पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल के रानीतालाब थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मिनी टैंकर से 793 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। जिसे ‘इंडियन ऑयल’ ब्रांडिंग वाले टैंकर में तहखाना बनाकर छिपाया गया था।
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

रानीतालाब थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार को खबर मिली थी कि अरवल से पटना की ओर शराब की एक बड़ी खेप लाई जा रही है। इसी आधार पर पुलिस ने कनपा पुल के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। एक संदिग्ध मिनी टैंकर (BR06GA 4234) को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक भागने की कोशिश करने लगा।
टैंकर बना ‘शराब की सुरंग’
थोड़ी दूरी पर पुलिस ने टैंकर को घेर लिया। जांच के दौरान टैंकर के अंदर एक छिपा हुआ तहखाना मिला। जिसमें 793 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। शराब उत्तर प्रदेश में निर्मित बताई जा रही है। टैंकर को जब्त कर लिया गया है और थाने में लाया गया।
फरार तस्कर की तलाश जारी
टैंकर का चालक मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इसके साथ ही पूरे रैकेट को बेनकाब करने के लिए छापेमारी जारी है।
