बरेली : श्रावण मास में कांवड़ यात्रा जैसे संवेदनशील पर्व के दौरान बरेली पुलिस हाई अलर्ट पर है। लेकिन इसी बीच वैरियर-वन चौकी प्रभारी रविन्द्र सिंह राणा अपनी ड्यूटी को दरकिनार कर चौकी में आराम फरमाते पाए गए। शनिवार को कांवड़ मार्ग निरीक्षण पर निकले एसपी सिटी मानुष पारीक जब अचानक चौकी पहुंचे, तो यह लापरवाही सामने आई। उन्होंने तुरंत इस बात की जानकारी एसएसपी अनुराग आर्य को दी। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं।
SSP ने सभी अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी
SSP बरेली ने जिले के अन्य थाना और चौकी प्रभारियों को भी सख्त निर्देश जारी किए हैं कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी पुलिस कर्मियों को सावन माह में क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने का आदेश है।
