सपा प्रमुख ने भाजपा पर वोटर लिस्ट में हेराफेरी और सत्ता के दुरुपयोग का लगाया आरोप, मतदाता सूची को आधार कार्ड से जोड़ने की उठाई मांग
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा के खिलाफ सियासी हमला तेज कर दिया है। बुधवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने भाजपा पर मतदाता सूची में हेराफेरी कर चुनाव जीतने और सत्ता पर कब्जा बनाए रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव होगा। अगर मतदाता सूची में नाम रहेगा, तभी लोकतंत्र बचेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं से उन्होंने मतदाता सूची पर पैनी नजर रखने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी मतदाता का नाम न कटने पाए। अखिलेश ने कहा कि भाजपा वोट के अधिकार को छीनना चाहती है। झूठ, लूट और बेईमानी भाजपा की पहचान बन चुकी है। भाजपा सपा नेतृत्व और पीडीए को झूठे आरोपों के जरिए बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की कथित साजिशों से सावधान रहने और किसी भी उकसावे में आए बिना पूरी ताकत से संगठन के लिए काम करने की अपील की। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और प्रदेश की जनता उसके कुशासन, भ्रष्टाचार और लूट से परेशान है। उन्होंने लोकसभा और हालिया विधान परिषद चुनावों में भाजपा को मिली हार का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी की राजनीतिक जमीन लगातार खिसक रही है। अखिलेश ने दावा किया कि जनता समाजवादी पार्टी के साथ है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।
मतदाता सूची को आधार से जोड़ने की मांग

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को रोकने के लिए वोटर लिस्ट को आधार कार्ड से जोड़ने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि आधार से मतदाता सूची जुड़ने पर वोटर लिस्ट में हेराफेरी और फर्जी प्रविष्टियों को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने साथ-साथ आसपास के लोगों के नाम भी मतदाता सूची में चेक करें और किसी भी गड़बड़ी की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं।
सरकार बनी, तो सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी बड़ा राजनीतिक वादा किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को बेहतर बनाया जाएगा। गरीबों को सरकारी अस्पतालों में पूरा इलाज मुफ्त मिलेगा और इसके लिए किसी विशेष कार्ड की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की स्थिति खराब हुई है।
दीपावली की बधाई, दरगाह देवा शरीफ को भेजी चादर

अखिलेश यादव ने विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दीपावली की बधाई दी। वहीं, बाराबंकी के देवा शरीफ में सूफी संत हजरत हाजी वारिस अली शाह की दरगाह पर आयोजित होने वाले वार्षिक मेले के लिए अखिलेश यादव की ओर से चादर भेंट की गई। सपा प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से भेजी गई इस चादर को दरगाह पर पेश कर अमन -चैन, खुशहाली, भाईचारे और प्रदेश की तरक्की के लिए दुआ की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव, सपा जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद सहित अन्य लोग शामिल रहे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
