डिजिटल कॉइन के जरिए अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों को फंसाते थे आरोपी, 20 मोबाइल, 44 बैंक कार्ड, 30 चेकबुक और 25 पासबुक समेत फर्जी दस्तावेज बरामद
बरेली : ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल कॉइन के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर कथित साइबर ठगी करने वाले गिरोह का बरेली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। भुता पुलिस ने एसओजी टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 लाख 97 हजार 800 रुपये नकद, 20 मोबाइल फोन, 44 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 30 चेकबुक और 25 बैंक पासबुक बरामद की हैं। इसके अलावा फर्जी आधार-पैन कार्ड, बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज और अन्य संदिग्ध सामान भी मिला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग पहचान बनाकर ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से लोगों को अधिक मुनाफे का झांसा देते थे और फिर उनसे ठगी करते थे।
मुखबिर की सूचना पर छह आरोपी गिरफ्तार
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि चार नवंबर को भुता पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खटेली से अटकोना पुलिया की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।पकड़े गए आरोपियों की पहचान ब्रजेश हरीश सिंह, सुमेर, आकाश, विपुल कुमार सिंह,और पिंटू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी ग्राम खटेली के निवासी हैं।
फर्जी आधार-पैन से बनाते थे अलग-अलग पहचान
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर फर्जी आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर अलग-अलग पहचान बनाते थे। इन पहचानों के जरिए वे ऑनलाइन गेमिंग ऐप पर लोगों को अधिक मुनाफा कमाने का लालच देते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक व्यक्ति से रुपये देकर डिजिटल कॉइन खरीदते थे और फिर इन्हीं कॉइन के माध्यम से लोगों को गेमिंग में लाभ दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। बाद में कॉइन की खरीद-बिक्री के जरिए अवैध कमाई करते थे।
नकदी और बैंकिंग दस्तावेजों का बड़ा जखीरा बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस को बड़ी संख्या में मोबाइल और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। बरामद सामान में 4,97,800 रुपये नकद, 20 मोबाइल फोन, 44 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 30 चेकबुक, 25 बैंक पासबुक, पांच पैन कार्ड, सात आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक वोटर आईडी और दो बैंक स्टेटमेंट शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने पीली धातु के छह बिस्कुट, एक थंब स्कैनर, एक एमक्यूआर मशीन और जमीन से संबंधित 18 दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पुलिस इन दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है, ताकि गिरोह के पूरे नेटवर्क और कथित साइबर ठगी में इनके इस्तेमाल का पता लगाया जा सके।
हजारों लोगों से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि इस नेटवर्क के पीछे एक अन्य व्यक्ति भी है, जिससे हजारों लोगों के जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस व्यक्ति की पहचान करने और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया और बैंक खातों तथा डिजिटल कॉइन के माध्यम से कितने रुपये का लेनदेन किया गया।
मुकदमा दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसपी अंशिका वर्मा ने बताया कि इस मामले में थाना भुता में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में भुता पुलिस और एसओजी बरेली समेत कुल दस पुलिसकर्मी शामिल रहे।
