राजनीतिक समर्थन और पारिवारिक एकता के बीच मना पूर्व सीएम का 52वां जन्मदिन, सपाइयों ने केक काटकर किया पौधारोपण
लखनऊ : यूपी की राजनीति के केंद्र में रहने वाले समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 52वां जन्मदिन इस बार केवल जश्न का नहीं, बल्कि राजनीतिक संकेतों का मंच भी बन गया। जहां सपा कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ जन्मदिन मनाया, तो वहीं चाचा शिवपाल यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उन्हें “अगला मुख्यमंत्री” और “न्याय की लड़ाई का साथी” कहकर विपक्ष की एकजुटता का संदेश दे दिया।
शिवपाल यादव का बड़ा बयान: “अखिलेश होंगे अगले मुख्यमंत्री”

समाजवादी पार्टी के महासचिव और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने अपने जन्मदिन संदेश में लिखा “आपका दूरदर्शी नेतृत्व प्रदेश को नई दिशा देगा। मेरा आशीर्वाद है “आप ही उत्तर प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे।”यह बयान सिर्फ शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह सपा में पारिवारिक और संगठनात्मक एकता की एक बड़ी झलक है। पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव की बदायूं से जीत और अब चाचा -भतीजे के राजनीतिक तालमेल ने पार्टी को मजबूती दी है।
राहुल गांधी ने भी निभाया PDA का वादा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और यूपी की रायबरेली सीट से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अखिलेश यादव को “PDA की बुलंद आवाज” बताते हुए कहा कि “अखिलेश यादव भाई को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हम इस न्याय और बराबरी की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर साथ हैं।”इस बयान से साफ है कि कांग्रेस और सपा के रिश्ते आने वाले समय में और मज़बूत हो सकते हैं।
विपक्षी नेताओं से भी मिला आशीर्वाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह सबसे पहले एक्स (पूर्व ट्विटर) पर बधाई दी। बसपा सुप्रीमों मायावती, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, सपा के राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव, सपा के प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद और कई अन्य नेताओं ने भी जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। केशव प्रसाद मौर्य, जो प्रायः विपक्ष पर हमलावर रहते हैं। उन्होंने बिना कटाक्ष के लंबी उम्र की कामना की।
सपा मुख्यालय में मनाया गया भव्य उत्सव

लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय को विशेष रूप से सजाया गया। यहां पूजा, हवन,भंडारा, केक कटिंग समारोह, समर्थकों ने झंडे, गुब्बारे, और बधाई पोस्टरों से मुख्यालय को सजाया प्रदेशभर में समर्थकों ने वृद्धाश्रमों में फल वितरण, स्कूलों में किताब वितरण, रक्तदान और पौधारोपण जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए।
राजनीतिक सफर की झलक

सपा प्रमुख अखिलेश यादव जा जन्म 1 जुलाई 1973, सैफई (इटावा) में हुआ था। उन्होंने आर्मी स्कूल धौलपुर, राजस्थान, कर्नाटक यूनिवर्सिटी और सिडनी यूनिवर्सिटी (ऑस्ट्रेलिया) से पढ़ाई की। वर्ष 2000 में पहली बार सांसद बने। 2012 में देश के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने थे। 2022 में यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और और वर्तमान में कन्नौज से सांसद हैं, तो वहीं तीसरी बार सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे। अब भी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
