रायबरेली/लखनऊ : यूपी के रायबरेली जिले में एक खौफनाक वारदात सामने आई। बदमाशों ने घर में घुसकर गल्ला व्यापारी सुखदेव लोधी की गोली मारकर हत्या कर दी और पत्नी सरोजिनी को भी पेट में गोली मार दी। घटना रात करीब 2 बजे की है, जब पूरा परिवार घर की ऊपरी मंजिल पर सो रहा था। बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और सोते हुए दंपती को निशाना बनाया।
पहले चाकू से हमला, फिर मारी तीन गोलियां
व्यापारी सुखदेव लोधी (उम्र लगभग 40 वर्ष) पत्नी और तीन बच्चों के साथ ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। सुखदेव और पत्नी सरोजिनी बरामदे में सो रहे थे, बच्चे कमरे के अंदर थे। बदमाशों ने पहले सुखदेव को चाकू मारा और फिर तीन गोलियां दाग दीं। इसमें एक गोली सीने में, एक गले में और एक फेफड़ों के पास लगी है। जिसके चलते मौके पर ही सुखदेव की मौत हो गई।
पत्नी को भी मारी गोली, हालत गंभीर
शोर सुनकर पत्नी सरोजिनी बचाने दौड़ी, लेकिन बदमाशों ने उसे भी चाकू मारा और पेट में गोली मार दी। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गई। चीख-पुकार सुनकर बच्चे जाग गए लेकिन डर से कमरे का दरवाज़ा बंद कर लिया। बच्चों ने चाचा को फोन किया, पड़ोसी भी शोर सुनकर जग गए। जिसके चलते बदमाश मौके से भाग निकले। घायल सरोजिनी को पहले जिला अस्पताल लाया गया, फिर एम्स रायबरेली रेफर किया गया है। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस को मौके से तीन गोलियों के खोखे मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किए। एसपी डॉ. यशवीर सिंह और एएसपी संजीव कुमार सिन्हा ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस को शक है कि हत्या पूर्व नियोजित थी, लेकिन कोई सीधी रंजिश सामने नहीं आई है। एसपी रायबरेली, डॉ. यशवीर सिंह ने मीडिया को बताया कि “जांच के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। बहुत जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।”
व्यापारियों में उबाल, बाजार बंद का ऐलान
इस निर्मम हत्या से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने बाजार बंद करने का ऐलान किया है। पीड़ित परिवार के लिए सुरक्षा की मांग और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठी है।
