एक साथ बिखर गया पूरा परिवार, मासूम बेटा भी नहीं बच पाया, बेटी अस्पताल में ज़िंदगी से लड़ रही जंग
आजमगढ़/लखनऊ: यूपी के आज़मगढ़ जिले में मंगलवार दोपहर एक ऐसी पारिवारिक त्रासदी सामने आई। जिसने पूरे क्षेत्र को सन्न कर दिया। पारिवारिक कलह और शराब के नशे में डूबे एक युवक ने अपनी मां, 7 साल की बेटी और 4 साल के बेटे को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। इस मामले में आजमगढ़ के एसएसपी हेमराज मीणा समेत तमाम अफसर मौके पर हैं। एसएसपी के पीआरओ ने “The Justice Hindi” को बताया कि घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। एसएसपी साहब मौके पर हैं। इस घटना की जांच पड़ताल चल रही है।
मृतक आरोपी पेट्रोल पंप पर करता था काम
घटना को अंजाम देने वाले मृतक युवक का नाम नीरज पांडेय (32 वर्ष) बताया गया है, जो मूल रूप से सरदार वल्लभभाई पटेल नगर, वार्ड-10, जहानगंज थाना क्षेत्र का निवासी था। मृतक वाराणसी में पेट्रोल पंप पर काम करता था और एक सप्ताह पहले उसकी पत्नी बच्चों के साथ गांव लौटी थी। नीरज सोमवार की शाम गांव आया और अगले ही दिन मंगलवार को किसी घरेलू विवाद में बेकाबू होकर अपने ही परिवार पर कहर बनकर टूट पड़ा। बताया जाता है कि आरोपी ने मां अपनी चंद्रकला (55 वर्ष) को गोली मारी। उनकी गोली लगते ही मौके पर मौत हो गई। अपने बेटे संघर्ष पांडेय (04 वर्ष) को भी गोली मार दी। उसको भी अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। इसके अलावा बेटी शुभी पांडेय (07 वर्ष) के पेट में गोली लगी है। उसकी हालत गंभीर है। इसके बाद खुद नीरज पांडेय (32 वर्ष) ने गोली मार ली। उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के वक्त नीरज की पत्नी मौके पर मौजूद नहीं थी। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े। उन्होंने सभी को तत्काल जहानगंज स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने मौके पर नीरज और उसकी मां को मृत घोषित किया। संघर्ष को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां उसे बचाया नहीं जा सका। शुभी का इलाज चल रहा है, उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानें क्या बोले पुलिस अफसर
इस मामले में एसएसपी हेमराज मीणा की तरफ से मीडिया में बयान आया है। उनका कहना है कि “घटना पारिवारिक विवाद और शराब के नशे में हुई है। नीरज ने अपनी मां, बेटे और बेटी को गोली मारी और फिर खुद को भी शूट कर लिया। बेटा और मां की मौके पर मौत हो गई। बेटी घायल है। मामले की जांच की जा रही है।” पुलिस ने घटनास्थल से हथियार (पिस्टल) बरामद कर लिया है। फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है। यह स्पष्ट नहीं है कि हथियार लाइसेंसी था या अवैध।
