खिड़की पर इंतज़ार… और हम व्यस्त, आधुनिक समाज की सबसे खामोश त्रासदी
डॉ.तनु जैन
लेखक
एक समय था जब परिवार “रिश्ता” नहीं, एक जीवित अनुभव हुआ करता था। माता-पिता घर की जड़ें थे, और बच्चे उनकी शाखाएं। न समय की गणना थी, न मुलाकातों।का हिसाब, लेकिन आज वही रिश्ता एक अजीब मोड़ पर खड़ा है, जहां हम खुद से पूछते हैं,“क्या मुझे उनसे मिलने जाना चाहिए?”यह सवाल सिर्फ एक वाक्य नहीं, बल्कि उस बदलाव का संकेत है, जिसने हमारे सामाजिक ढांचे और भावनात्मक प्राथमिकताओं को अंदर से बदल दिया है।
आंकड़े जो दे रहे हैं चेतावनी
भारत में बुजुर्गों की स्थिति पर रिपोर्ट्स एक गंभीर तस्वीर दिखाती हैं। HelpAge India की रिपोर्ट के मुताबिक, शहरी भारत में करीब 47% बुजुर्ग खुद को अकेला महसूस करते हैं, लगभग 36% बुजुर्गों ने भावनात्मक उपेक्षा की शिकायत की Longitudinal Ageing Study of India के अनुसार, सामाजिक अकेलापन अब बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य संकट बनता जा रहा है, यानी यह सिर्फ “भावनाओं” का विषय नहीं। यह एक सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य आपात स्थिति है।
तकनीक ने दूरी घटाई… या बढ़ा दी?
आज हमारे पास सब कुछ है,वीडियो कॉल, इंस्टेंट मैसेज, सोशल मीडिया, लेकिन क्या इससे रिश्ते मजबूत हुए? असल में नहीं। माता-पिता को “Good Morning” मैसेज नहीं चाहिए…उन्हें चाहिए, पास बैठने वाला कोई? बिना बोले समझने वाला कोई? वह स्पर्श जो भरोसा देता है। हमने देखभाल को डिजिटल सुविधा बना दिया है, जबकि वह कभी मानवीय संवेदना हुआ करती थी।
खिड़की पर बैठा इंतज़ार, एक सच्चाई…
देश के हजारों घरों में एक समान दृश्य है। एक बुजुर्ग खिड़की के पास बैठा है…वह सिर्फ बाहर नहीं देख रहा…वह किसी अपने का इंतज़ार कर रहा है। उनकी ज़िंदगी त्याग से भरी रही, और बच्चों के लिए समर्पित रही। मगर,आज, वही लोग कुछ पलों की मौजूदगी के लिए तरस रहे हैं।
समस्या ‘समय’ नहीं, ‘प्राथमिकता’ है
हम कहते हैं-“समय नहीं है…”लेकिन सच यह है, समय की कमी नहीं, प्राथमिकताओं का बदलाव है।करियर सबसे ऊपर आ गया है। उपलब्धियां जीवन का लक्ष्य बन गईं और रिश्ते… “बाद में” के लिए टल गए, और यही “बाद में” एक दिन पछतावे में बदल जाता है। हम आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहे हैं, लेकिन भावनात्मक रूप से गरीब।यह एक नई समस्या है, Emotional Poverty (भावनात्मक गरीबी) जहां घर हैं, पर अपनापन नहीं, बातचीत है, पर जुड़ाव नहीं। रिश्ते हैं, पर उपस्थिति नहीं।
विशेषज्ञों ने भी दी चेतावनी
मनोवैज्ञानिकों के अनुसार बुजुर्गों में अकेलापन डिप्रेशन, एंग्जायटी और शारीरिक बीमारियों को बढ़ाता है।परिवार के साथ समय बिताना उनकी मानसिक सेहत के लिए दवा से भी ज्यादा प्रभावी होता है। यानी, आपकी मौजूदगी ही उनकी सबसे बड़ी दवा है। असली सवाल, क्या हम क्या बनते जा रहे हैं? समाज कोई अलग इकाई नहीं, यह हम सबका प्रतिबिंब है। अगर हम,रिश्तों को टालते रहेंगे, भावनाओं को दबाते रहेंगे, और अपनों को “ऑप्शन” बनाते रहेंगे, तो हम आगे नहीं बढ़ रहे…हम धीरे-धीरे पीछे जा रहे हैं।
समाधान बहुत सरल है, बस इरादा चाहिए
प्रेम को बड़े उपहार नहीं चाहिए, बड़ी योजनाएं नहीं चाहिए। उसे चाहिए थोड़ा समय, सच्ची मौजूदगी, बिना शर्त अपनापन और एक गहरी बात Osho ने कहा था, “प्रेम वह नहीं है, जो आप करते हैं। प्रेम वह है जो आप होते हैं।”अगर आप सच में प्रेममय हैं,तो आप उपेक्षा नहीं कर सकते। अंत में सिर्फ एक सवाल जो आपको सोचने पर मजबूर करेगा।एक दिन खिड़की वहीं होगी…लेकिन इंतज़ार करने वाली आँखें नहीं होंगी, और तब सवाल यह नहीं होगा?“क्या मुझे जाना चाहिए?”बल्कि यह होगा-मैं”।
