स्टेशन रोड के प्रमुख होटलों का निरीक्षण, अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच,नियमों की अनदेखी पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
बरेली : शहर में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने शुक्रवार को नगर क्षेत्र के होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। यह अभियान उपाध्यक्ष, बरेली विकास प्राधिकरण के निर्देश पर संचालित किया गया। अभियान के दौरान स्टेशन रोड स्थित कई प्रमुख होटलों का निरीक्षण किया गया। टीम ने होटल पंचम, होटल मैनयोर और होटल डी ग्रान्ड समेत अन्य प्रतिष्ठानों में पहुंचकर फायर सेफ्टी मानकों का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन निकास मार्गों, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्थिति की जांच की गई।
कार्रवाई की दी चेतावनी

बीडीए अधिकारियों ने बताया कि जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गई हैं। उन्हें तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समयावधि में कमियों को दूर न करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने कहा कि हाल के वर्षों में देश के विभिन्न हिस्सों में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक हो गया है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही जनहानि का कारण बन सकती है।
किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होगी बर्दाश्त

बरेली विकास प्राधिकरण ने होटल संचालकों, भवन स्वामियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के प्रबंधकों से अपील की है कि वे अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच कराएं, आपातकालीन निकास मार्गों को बाधामुक्त रखें और सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। अधिकारियों का कहना है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।
