नई दिल्ली : दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज होने वाले प्रदर्शन को लेकर माहौल गरमाता नजर आ रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के समर्थकों का जंतर-मंतर पर जुटना शुरू हो गया है। यह प्रदर्शन नीट, सीबीएसई, सीयूईटी और एसएससी जैसी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और भर्ती अनियमितताओं के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि दिल्ली पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दे दी है।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार को दिल्ली पहुंच गए और जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल हुए। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से समर्थकों से आंदोलन में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
अभिजीत दीपके ने कहा कि देशभर के छात्र और युवा लंबे समय से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर परेशान हैं। उनका कहना है कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए।
अभिजीत दीपके ने दावा किया कि हाल की घटनाओं और विवादों के कारण कई छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को लेकर सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किया जा रहा है।
दिल्ली पहुंचने के बाद अभिजीत दीपके ने समर्थकों से अपील की कि वे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अपने साथ एक किताब और तिरंगा लेकर आएं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से पुलिसकर्मियों को फूल भेंट करने की भी अपील की। उनका कहना है कि यह सम्मान, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक होगा।
इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी इस प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है। उनके समर्थन के बाद आंदोलन को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इस प्रदर्शन को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जंतर-मंतर और संसद मार्ग इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रदर्शन स्थल के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।
जंतर-मंतर से सामने आई तस्वीरों में बड़ी संख्या में समर्थक प्रदर्शन स्थल पर पहुंचते दिखाई दिए। पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास भी जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं। समर्थक शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मौजूदगी दर्ज कराते नजर आए। कई लोग हाथों में तिरंगा और किताबें लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने समर्थकों से सीधे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहेगा। प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शुरू होने की बात कही गई है। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में छात्र, युवा और आम नागरिक इसमें शामिल होंगे।
हाल के दिनों में सीजेपी के अभियान को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा देखने को मिली है। परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर कई लोग इस आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।
फिलहाल दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर गतिविधियां तेज हैं। बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि यह आंदोलन किस दिशा में आगे बढ़ता है और छात्रों की मांगों को लेकर सरकार की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
