SSP अनुराग आर्य ने जुलूस मार्गों के सत्यापन की दी हिदायत
बरेली : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने गूगल मीट के माध्यम से ज़िले के सभी पुलिस अधिकारियों,सीओ और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और मोहर्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
मोहर्रम की तैयारियों पर विशेष फोकस, पीस कमेटी बैठकों के निर्देश

एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी थाना प्रभारियों और सीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धर्मगुरुओं, ताजियादारों, आयोजकों और गणमान्य नागरिकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा जाए ताकि किसी भी प्रकार की गलतफहमी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर समन्वय बढ़ाने और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
जुलूस मार्गों का सत्यापन, संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी कड़ी नजर
बैठक में मोहर्रम जुलूसों के निर्धारित मार्गों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। सड़क की स्थिति,बिजली के तार, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समय रहते जांच करने को कहा गया। इसके साथ ही संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी करने तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों को नियमित पैदल गश्त और फ्लैग मार्च कर आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने को कहा गया।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भड़काऊ, आपत्तिजनक या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्ट और संदेशों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। अफवाह फैलाने वालों और भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही जुलूस मार्गों और प्रमुख स्थलों पर CCTV कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी स्थिति पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके। बैठक के अंत में एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मोहर्रम के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरेली पुलिस ज़िले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएंगी।
