हरुनगला में आत्महत्या से सनसनी, पांच साल पहले हुई थी शादी, पति जयपुर में करता है जरी का काम
बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के हरुनगला इलाके में शुक्रवार को एक विवाहिता द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 30 वर्षीय रवीना पत्नी इकरार के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह पुलिस को पीआरबी के माध्यम से सूचना मिली कि हरुनगला स्थित एक मकान में महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर बारादरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां रवीना अपने कमरे की चौखट से चुन्नी के सहारे लटकी हुई मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
जानकारी के अनुसार रवीना की शादी करीब पांच वर्ष पहले इकरार के साथ हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें चार वर्षीय बेटी मायशा और दो वर्षीय बेटा दानिश शामिल हैं। मां की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है।
जयपुर में रहकर काम करता है पति
परिजनों के मुताबिक रवीना का पति इकरार जयपुर में रहकर जरी का काम करता है। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। इस घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मायके पक्ष को दी गई सूचना
मृतका के पिता तस्सुवर कैंट थाना क्षेत्र के भौआपुर गांव के निवासी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई है।
आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
शहर की बारादरी थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद हरुनगला क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।
