शाहजहांपुर: मीरानपुर कटरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के दौरान सियासी माहौल गर्म हो गया है। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, लेकिन दोपहर होते-होते चुनावी प्रक्रिया के बीच आरोप-प्रत्यारोप और पुलिस कार्रवाई ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। दोपहर 12 बजे तक महज करीब 17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिससे मतदान की रफ्तार धीमी नजर आई। इसी बीच मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के पूर्व चेयरमैन समी खां, नगर अध्यक्ष अच्छन खां और जावेद खां को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोप है कि ये लोग कांग्रेस प्रत्याशी वाजिद सिद्दीकी के पक्ष में मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। इसके अलावा फारवर्ड ब्लॉक प्रत्याशी पूजा कसाना के पति दानिश जीशान खां को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद चुनावी माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई। समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है, वहीं प्रशासन स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। फिलहाल मतदान प्रक्रिया जारी है और प्रशासन का कहना है कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। सभी की नजरें अब आगे की मतदान प्रक्रिया और अंतिम परिणाम पर टिकी हुई हैं।
