गांव से पहले कार छोड़कर 3 किलोमीटर पैदल घुसते थे घरों में, चुप्पी टूटे तो हत्या से भी नहीं हिचकते थे ये बदमाश
मथुरा/लखनऊ : यूपी की मथुरा पुलिस ने एक खतरनाक अपराधी गिरोह ‘कच्चा बनियान’ या ‘रट्टी गैंग’ के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। ये गैंग उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में चोरी, और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से हथियार, चोरी की गाड़ी, नकदी और जेवरात बरामद किए हैं।
गिरोह का खौफनाक तरीका
‘कच्चा बनियान’ गिरोह के सदस्य कच्चा बनियान पहनकर कार को गांव से 2-3 किलोमीटर दूर खड़ी कर देते थे, फिर पैदल ही गांव में घुसकर घरों के ताले, गेट और अलमारी काटकर चोरी करते थे। यदि घर के लोग जाग जाते, तो ये चोर उनकी हत्या करने से भी नहीं हिचकते थे। यह गिरोह मुख्य रूप से मथुरा के हाईवे से सटे गांवों को निशाना बनाता था।
एमपी, और यूपी का गिरोह
“चड्डी बनियान गिरोह” मूल रूप से मध्य प्रदेश, और उत्तर प्रदेश के जिलों के लोगों ने बनाया हुआ है। पुलिस ने गिरोह के मनोज उर्फ सरपंच (52 वर्ष), ग्वालियर, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह का सरगना है, जिस पर झांसी में 50,000 रुपये का इनाम घोषित है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के अलोरी जिला निवासी भूर सिंह उर्फ भूरा, मुरैना जिला निवासी राजेश उर्फ रासू, और यूपी के जालौन जिले के मडौरा निवासी आकाश सिंह सेंगर हैं।
पुलिस कार्रवाई और आगे की योजना
सीओ सदर संदीप सिंह ने मीडिया को बताया कि पुलिस और अपराधियों के बीच जैत-आझई रेलवे अंडरपास के पास मुठभेड़ हुई। घायल बदमाशों का इलाज चल रहा है और कानूनी कार्रवाई जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देश पर लगातार इस तरह के अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
