बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सरकारी पहचान पत्रों की जालसाजी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। शनिवार को खजुरिया घाट स्थित एक संदिग्ध साइबर कैफे पर छापेमारी में पुलिस ने एक आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। छापेमारी के दौरान कैफे का शटर आधा बंद था, और अंदर कंप्यूटर, प्रिंटर व लैमिनेशन मशीन से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे।
आरोपी बोला, बेवसाइट के जरिए तैयार किए फर्जी दस्तावेज
गिरफ्तार युवक की पहचान शुभम (24 वर्ष), पुत्र रामगोपाल शर्मा, निवासी खजुरिया के रूप में हुई है। पूछताछ में शुभम ने कबूल किया कि वह एक वेबसाइट के जरिए फर्जी दस्तावेज तैयार करता था और एयरटेल-वोडाफोन के सिम कार्ड भी बेचता था।
पुलिस ने यह किया बरामद
छापेमारी में पुलिस ने 26 फर्जी आधार कार्ड, 8 आयुष्मान कार्ड, 25 एयरटेल और 7 वोडाफोन सिम कार्ड, 3 फिंगरप्रिंट डिवाइस, कंप्यूटर, मॉनिटर, CPU, लैमिनेशन मशीन, 3 मोहरें, और 19,820 नकद प्राप्त किए।
कौन-कौन रहे ऑपरेशन में शामिल
यह कार्रवाई इज्जतनगर इंस्पेक्टर बिजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में हुई। टीम में उपनिरीक्षक इसरार अली, रोहित कुमार, हेडकांस्टेबल मुकेश कुमार, भवनेश कुमार, कांस्टेबल नीशू तिवारी और सतेन्द्र कुमार शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, और जालसाजी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और फरार साथी की तलाश जारी है।
