बरेली : शहर के व्यस्त इलाकों में से एक कलेक्ट्रेट गेट के पास सोमवार को ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर वकील और ट्रैफिक पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला उस समय बढ़ गया, जब ट्रैफिक पुलिस ने कलेक्ट्रेट गेट से कोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते को वन-वे कर दिया, और एक अधिवक्ता रॉन्ग साइड से जाने पर अड़ गए। दरअसल, कलेक्ट्रेट गेट के आसपास अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इस समस्या को देखते हुए अधिवक्ताओं की ओर से पहले भी ट्रैफिक पुलिस से व्यवस्था सुधारने की मांग की गई थी। इसी के तहत ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को कलेक्ट गेट से कोर्ट की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग लगाकर उसे वन-वे कर दिया, ताकि ट्रैफिक सुचारु रूप से चल सके और जाम की समस्या कम हो। इसी दौरान एक अधिवक्ता अपनी कार से वहां पहुंचे और रॉन्ग साइड से निकलने का प्रयास करने लगे। मौके पर मौजूद ट्रैफिक दरोगा और सिपाहियों ने उन्हें रोककर निर्धारित दिशा से जाने के लिए कहा। इस बात को लेकर अधिवक्ता और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर हल्का हंगामे का माहौल बन गया।
बार सचिव ने शांत कराया मामला
इस मामले की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक दरोगा मनीष दुबे ने बार एसोसिएशन के सचिव दीपक पांडे को फोन पर सूचना दी। सूचना पाकर दीपक पांडे मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। उन्होंने अधिवक्ताओं को समझाया कि यह व्यवस्था वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए लागू की गई है।ट्रैफिक टीएसआई मनीष दुबे ने बताया कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा और ट्रैफिक को सुचारु रखने के उद्देश्य से ही कलेक्ट्रेट गेट के पास बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग को वन-वे किया गया है। उनका कहना था कि यदि लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे, तो ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो जाएगा। इसके बाद में बार पदाधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस के समझाने के बाद मामला शांत हो गया और दोनों पक्ष अपने-अपने काम में लग गए।
बन वे ही रहेगा रोड
यह मामला शांत होने के बाद कलेक्ट्रेट गेट से कोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग को वन-वे कर दिया गया है और पुलिस वहां ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है। जिसके चलते राहगीरों को जाम से निजात मिली।
