बरेली : यूपी के बरेली देहात में महिलाओं की मौत की दो अलग -अलग घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी। एक ओर देहात के हाफिजगंज क्षेत्र में शादी के महज तीन महीने बाद नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, तो वहीं भूता थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में पति पर पत्नी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप है। इसके बाद शव को श्मशान भूमि में फेंक दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
दुपट्टे के फंदे से लटका मिला शव
पहली घटना हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव सुंडियावा की है। यहां सोमवार रात एक नवविवाहिता का शव उसके कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। मृतका के पिता तेजपाल, निवासी गांव सिथरा, ने मीडिया को बताया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी पूजा की शादी 1 दिसंबर 2025 को सुंडियावा निवासी भगवतसरन के साथ हुई थी।
दहेज की मांग पर हत्या का आरोप
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर पूजा को प्रताड़ित करने लगा था। परिजनों के अनुसार प्रताड़ना से परेशान होकर पूजा कुछ समय पहले मायके आ गई थी। सोमवार को उसका पति उसे मनाकर फिर ससुराल ले गया। देर रात परिजनों को सूचना मिली कि पूजा की मौत हो गई है, जब परिवार मौके पर पहुंचा, तो उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
मारपीट के बाद हत्या
मृतका के पिता का आरोप है कि पति और उसके परिवार वालों ने पहले पूजा के साथ मारपीट की, और फिर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया, ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके। उन्होंने दामाद समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
इस मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रवीन सिंह ने पुलिस टीम के साथ जांच की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध संबंध के शक में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या
दूसरी घटना भूता थाना क्षेत्र के गांव रावलकलां की है, जहां सोमवार देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय मंजू देवी की हत्या उसके पति भीमसेन ने की। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी मंगलवार तड़के शव को गांव की श्मशान भूमि में ले जाकर फेंक आया।
श्मशान भूमि में पड़ा था शव
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण श्मशान भूमि की ओर गए, तो वहां महिला का शव पड़ा देखकर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि भीमसेन की पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने पीलीभीत जिले की रहने वाली मंजू देवी से दूसरी शादी की थी। गांव वालों के मुताबिक वह अक्सर पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।
रात में हुई थी कहासुनी
सोमवार रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर भीमसेन ने मंजू देवी को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उसे बुरी तरह पीटा गया था। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस का कहना है कि मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इन घटनाओं के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
