बरेली : शहर के कैंट क्षेत्र में स्थित धोपेश्वरनाथ मंदिर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मंदिर के सेवादार विजय राठौर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।आत्महत्या से पहले उसने करीब 32 मिनट 34 सेकेंड का एक वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड किया।जिसमें उसने अपनी प्रेमिका, उसके परिवार और अपने परिजनों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।
वीडियो में बोला-अब मेरे पास यही रास्ता बचा
यूट्यूब पर अपलोड किए गए वीडियो में विजय राठौर खुद को बेहद परेशान बताते हुए कहता है कि वह काफी समय से मानसिक तनाव में है।।वीडियो में उसने कहा कि “मैं आज या कल में सुसाइड कर लूंगा… बहुत परेशान हूं… रात-रात भर सो नहीं पाता। मुझे मेरे घरवालों ने और जिस लड़की की वजह से मैं यह कदम उठा रहा हूं, उन सबने इतना परेशान कर दिया है कि अब मेरे पास यही रास्ता बचा है।”विजय ने यह भी आरोप लगाया कि उसके खिलाफ झूठी शिकायत कराई गई और पुलिस पर भी पैसे लेकर कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उसने कहा कि उसे बिना वजह बदनाम किया गया और किसी ने उसकी बात नहीं सुनी।
दो साल पहले मंदिर में हुई थी मुलाकात
वीडियो में विजय ने बताया कि उसकी मुलाकात करीब दो साल पहले धोपेश्वरनाथ मंदिर में एक युवती से हुई थी। बाद में दोनों की बातचीत इंस्टाग्राम के जरिए होने लगी। उसने बताया कि उसने युवती को प्रपोज किया था, और कुछ समय तक दोनों के बीच सब ठीक चल रहा था, लेकिन महाशिवरात्रि से पहले दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया। करीब एक महीने बाद युवती ने मैसेज कर कहा कि अब दोनों के बीच कोई रिश्ता नहीं रह सकता। विजय के मुताबिक उसने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन युवती नहीं मानी।
एसएसपी से इंसाफ की गुहार
वीडियो के अंत में विजय ने कहा कि वह चाहता है कि यह वीडियो बरेली के एसएसपी तक पहुंचे। उसने कहा, “मैंने सुना है कि बरेली के एसएसपी बहुत अच्छे अफसर हैं। मैं चाहता हूं कि यह वीडियो उनके पास पहुंचे और मरने के बाद मुझे इंसाफ मिले। किसी और लड़के के साथ ऐसा न हो।”
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार यदि जांच में किसी की भूमिका सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
