नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में आज विपक्ष के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही शुरू हुई। लोकसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता भाजपा सांसद संध्या राय कर रही हैं, जबकि राज्यसभा में सभापति सी.पी. राधाकृष्णन सदन का संचालन कर रहे हैं।
लोकसभा में फिलहाल प्रश्नकाल जारी है। इस दौरान कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना से जुड़े सवालों के जवाब दे रहे हैं। हालांकि सदन के भीतर कई मुद्दों को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार विरोध और सवाल उठाए जा रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने एलपीजी आपूर्ति को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि एलपीजी की आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए बनाई गई तीन सदस्यीय समिति इस संकट को रोकने में सक्षम नहीं होगी। उनका कहना है कि आने वाले समय में गैस की कमी और बढ़ सकती है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जिंदगी पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो महंगाई में भारी बढ़ोतरी हो सकती है और उद्योगों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
वहीं कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने लोकसभा स्पीकर ओम बिर्ला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि सोमवार को लगातार स्थगन के कारण यह प्रस्ताव पेश नहीं हो सका था, लेकिन अगर आज सदन की कार्यवाही सामान्य रूप से चलती है तो विपक्ष इस प्रस्ताव को पेश करेगा। इधर केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास कोई स्पष्ट दृष्टि नहीं है और वे गंभीर मुद्दों पर चर्चा करने से बचते हैं।
संसद के इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी प्रस्तावित है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त वर्ष 2025-26 के लिए सप्लीमेंटरी डिमांड्स फॉर ग्रांट्स के दूसरे बैच पर बयान देंगी। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन से जुड़े प्रस्तावों पर स्टैंडिंग कमेटी की सिफारिशों पर जानकारी देंगे। राज्यसभा में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की कार्यप्रणाली पर चर्चा जारी रहेगी, जबकि ग्रामीण विकास मंत्रालय की गतिविधियों पर भी विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
