बरेली: सोशल मीडिया फ्रॉड का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसमें एक युवक को फेसबुक फ्रेंडशिप की आड़ में करीब 10 लाख रुपये की चपत लगा दी गई। पीड़ित युवक वसीम, निवासी रबड़ी टोला, बारादरी, बरेली, ने मई में “डॉ. माटिल्डा” नाम की प्रोफाइल से फेसबुक पर दोस्ती की थी। खुद को लंदन की डॉक्टर बताने वाली इस महिला ने पहले बातचीत से भरोसा बनाया और फिर भारत आने का झांसा दिया। 14 मई को महिला ने बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट पर फंस गई है। क्योंकि, उसके पास भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा (पाउंड स्टर्लिंग 2,84,060) है। इसी दौरान खुद को कस्टम ऑफिसर बताने वाले एक व्यक्ति ने वसीम को कॉल कर 85 हजार रुपये की मांग की।
साइबर पोर्टल पर की शिकायत
इसके बाद अगले चार दिनों तक अलग-अलग बहानों जैसे होटल खर्च, कस्टम क्लीयरेंस, भूख से परेशान होने की बातें कहकर महिला ने लगातार पैसे मंगवाए। वसीम ने कुल 9.92 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब एक बार फिर 1.30 लाख रुपये की मांग की गई और वसीम ने मना किया, तो संपर्क पूरी तरह टूट गया। तब जाकर वसीम को अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने 21 मई को साइबर पोर्टल पर शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर अब साइबर थाना जाकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
