19,656 परीक्षार्थियों के लिए 43 केंद्रों पर पुख्ता इंतज़ाम, DM ने दी सख्त चेतावनी, “लापरवाही बर्दाश्त नहीं!”
बरेली : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा रविवार, 27 जुलाई को आयोजित समीक्षा अधिकारी (RO) / सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा को लेकर बरेली प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। 19,656 अभ्यर्थियों की सुरक्षा और परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शनिवार को DM अविनाश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने की रणनीति बनाई गई। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं चलेगी।
परीक्षा को लेकर खास व्यवस्थाएं
परीक्षा को लेकर 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसलिए CCTV कैमरे, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य है। बायोमेट्रिक अटेंडेंस से हाजिरी दर्ज होगी। फोटोकॉपी दुकानें बंद रहेंगी केंद्र के आसपास, 1.5 घंटे पहले केंद्र पहुंचना जरूरी है। परीक्षा से 45 मिनट पहले गेट बंद होगा। स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति, कांवड़ ड्यूटी वालों को समय से रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त बसें और कंट्रोल रूम एक्टिव
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बरेली से लगते जिलों बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत और शाहजहांपुर के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। बरेली डिपो के एआरएम संजीव श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। दोनों बस अड्डों पर कंट्रोल रूम और अतिरिक्त स्टाफ तैनात रहेगा। RM दीपक चौधरी ने कहा कि रूटवार स्टाफ अलर्ट रहेगा ताकि किसी भी परीक्षार्थी को परेशानी न हो। इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 0581-2428188,0581-2422202 पर कॉल कर सकते हैं।
