बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली की एसपी दक्षिणी आईपीएस अंशिका वर्मा ने अपना पहला करवा चौथ पति और बिजनौर के एसपी आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई उर्फ केके बिश्नोई के साथ वीडियो कॉल पर मनाया। दोनों अधिकारी अपने-अपने जिलों में ड्यूटी पर तैनात थे, जिसके चलते करवा चौथ के मौके पर एक साथ नहीं रह सके। हालांकि, शाम को वीडियो कॉल के जरिए दोनों ने एक-दूसरे से जुड़कर इस खास पर्व को मनाया। इस दौरान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं, जो चर्चा में हैं।
वीडियो कॉल की तस्वीर के साथ साझा किया खास संदेश
करवा चौथ के मौके पर अंशिका वर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर तस्वीरें साझा कीं। वहीं, आईपीएस केके बिश्नोई ने भी वीडियो कॉल के दौरान की तस्वीर पोस्ट की। इसके साथ उन्होंने लिखा, “Silent sacrifices and duty calls!” यानी खामोश त्याग और ड्यूटी का बुलावा। अंशिका वर्मा ने भी इस तस्वीर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया। दोनों अधिकारियों के लिए यह पहला करवा चौथ था। जिम्मेदारियों के चलते अलग-अलग शहरों में होने के बावजूद उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए इस पर्व को खास बनाया।
29 मार्च को जोधपुर में हुई थी शादी
आईपीएस अंशिका वर्मा और केके बिश्नोई की शादी इसी साल 29 मार्च को राजस्थान के जोधपुर में हुई थी। केके बिश्नोई वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि अंशिका वर्मा वर्ष 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। केके बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान और अंशिका वर्मा प्रयागराज की रहने वाली हैं।
दोनों अधिकारी अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चा में
केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा को तेजतर्रार पुलिस अधिकारियों के रूप में जाना जाता है। संभल हिंसा के दौरान केके बिश्नोई ने त्वरित निर्णय लेकर स्थिति को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, अंशिका वर्मा भी कई महत्वपूर्ण मामलों के निस्तारण को लेकर चर्चा में रही हैं। दोनों की व्यस्त ड्यूटी के बीच वीडियो कॉल पर मनाया गया पहला करवा चौथ उनके लिए खास पल बन गया।
