शहर के सिविल लाइंस स्थित स्टार यूनियन दाई-इची लाइफ इंश्योरेंस के कार्यालय पर राजस्व विभाग की कार्रवाई,संचालक ने 30 अक्टूबर की शाम तक पूरी रकम जमा करने का दिया था लिखित आश्वासन
बरेली : बकाया वसूली के लिए बार-बार नोटिस और रिमाइंडर भेजने के बावजूद 4.82 लाख रुपये जमा नहीं करना स्टार यूनियन दाई-इची लाइफ इंश्योरेंस को भारी पड़ गया। सिविल लाइंस स्थित कंपनी के कार्यालय पर बृहस्पतिवार को राजस्व विभाग की टीम ने कुर्की की कार्रवाई की। एसडीएम इशिता किशोर के निर्देश पर पहुंची टीम ने कार्यालय में मौजूद फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य चल संपत्ति को कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के बाद कार्यालय संचालक ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर की शाम तक पूरी बकाया धनराशि जमा करने का लिखित आश्वासन दिया।
चार एसी, कंप्यूटर और 30 कुर्सियां की गईं कुर्क
राजस्व विभाग की टीम ने कार्यालय से चार टेबल, 30 कुर्सियां, 10 वॉल फैन, चार एयर कंडीशनर, एक प्रिंटिंग मशीन, चार कंप्यूटर और एक फ्रिज समेत कुल 36 अन्य सामान कुर्क किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने कार्यालय की चल संपत्ति को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद संचालक की ओर से लिखित कुबूलनामा दिया गया कि 30 अक्टूबर की शाम तक हर हाल में 4.82 लाख रुपये की पूरी वसूली राशि जमा करा दी जाएगी।लिखित आश्वासन में यह भी कहा गया कि तय समय तक भुगतान नहीं होने पर आगे होने वाली कार्रवाई की जिम्मेदारी उनकी स्वयं की होगी।
अगस्त 2025 में जारी हुई थी आरसी
नायब तहसीलदार प्रभात मिश्रा ने बताया कि उपभोक्ता फोरम रामपुर की ओर से वसूली संबंधी पत्र प्राप्त हुआ था। इसके आधार पर अगस्त 2025 में कंपनी के खिलाफ रिकवरी सर्टिफिके (आरसी) जारी की गई थी। इसके बाद बकाया धनराशि जमा कराने के लिए कई बार रिमाइंडर भेजे गए, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। लगातार अनदेखी के बाद एसडीएम के निर्देश पर कुर्की की कार्रवाई की गई।
राजस्व विभाग की टीम ने की कार्रवाई
कुर्की की कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार प्रभात मिश्रा के साथ संग्रह अमीन प्रेम राज, जोरावर सिंह और सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई उपभोक्ता फोरम रामपुर से प्राप्त वसूली आदेश के अनुपालन में की गई।नोटिस और रिमाइंडर के बावजूद बकाया रकम जमा नहीं होने पर राजस्व विभाग ने कंपनी के कार्यालय की चल संपत्ति कुर्क की।
