Bareilly News: टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस का आगाज, उत्तराखंड से महाराष्ट्र तक सीधी रेल सेवा, शाहजहांपुर तक बढ़ी ट्रेन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सीएम पुष्कर सिंह धामी, सीएम देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने दिखाई हरी झंडी, पीलीभीत और तराई क्षेत्र को मिली बड़ी रेल सौगात
बरेली/पीलीभीत ; उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को एक बड़ी पहल हुई। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और अजय टम्टा ने संयुक्त रूप से टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस, नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत रेल सेवा का शाहजहांपुर तक विस्तार का शुभारंभ किया। नई रेल सेवाओं से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा पहले से अधिक आसान हो जाएगी। पीलीभीत जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय जनप्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस अवसर र बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सिख समाज के श्रद्धालु मौजूद रहे।
सिख श्रद्धालुओं को बड़ी राहत

टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस शुरू होने से अब उत्तराखंड, पीलीभीत और तराई क्षेत्र के श्रद्धालुओं को महाराष्ट्र स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ तक सीधे रेल सफर की सुविधा मिल गई है। नई ट्रेन शुरू होने पर पीलीभीत स्टेशन पर सिख समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और इसे वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का दिन बताया।
शाहजहांपुर तक ट्रेन विस्तार से बढ़ी सुविधा
टनकपुर-पीलीभीत रेल सेवा को शाहजहांपुर तक बढ़ाए जाने से पीलीभीत और तराई क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए यात्रा अधिक सुगम होगी। साथ ही क्षेत्रीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड़ के धार्मिक महत्व और यात्रियों की मांग को देखते हुए टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस और नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस को मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेलवे ने 37 हजार किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई है और 99.6 प्रतिशत रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा कर लिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए 12 हजार नए सामान्य श्रेणी के कोच बनाए जा रहे हैं, जिनमें से चार हजार कोच पहले ही सेवा में लगाए जा चुके हैं।
उत्तर और दक्षिण भारत के बीच मजबूत होगा संपर्क

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन और सांस्कृतिक एकता का नया सेतु बनेगी। इससे पूर्णागिरि धाम, आदिकैलाश और कुमाऊं क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नई रेल सेवा से धार्मिक पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
जितिन प्रसाद बोले- विकास की दिशा में बड़ा कदम

केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस और शाहजहांपुर तक विस्तारित रेल सेवा पीलीभीत और आसपास के क्षेत्रों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पीलीभीत क्षेत्र को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई रेल सेवाओं से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच धार्मिक पर्यटन, व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
