प्रयागराज : रविवार दोपहर धूमनगंज थाना क्षेत्र के राजरूपपुर इलाके में एक तेज रफ्तार जगुआर कार ने 8 लोगों को रौंदते हुए 2 चार पहिया और 5 दोपहिया वाहनों से टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के वक्त कार का ड्राइवर परिवार का ही सदस्य था और बताया गया कि वह नशे में था। हादसे के समय कार का एयरबैग भी नहीं खुला। गेट भीतर से लॉक था जिससे घायलों को बाहर निकालने में भी परेशानी हुई। मौके पर जुटे लोग गुस्से में कार में तोड़-फोड़ कर रोड जाम कर दिया।
हादसे में मृतक प्रदीप पटेल इलेक्ट्रीशियन था। मृतक के परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ड्राइवर नाबालिग था और लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कार चला रहा था।
पुलिस ने मौके पर स्थिति को काबू में किया और यातायात बहाल किया। घटनास्थल पर भीड़ और गुस्साए लोगों की वजह से प्रशासन को कठिनाई का सामना करना पड़ा। हादसे में घायल बच्चों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और सभी घायलों का उपचार जारी है।
