बरेली : यूपी के बरेली जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रामलीला देखने निकले एक युवक की सिर्फ शराब का गिलास गिरने पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज केस का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 15 अक्टूबर की रात थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के ग्राम रजऊ परसपुर में हुई थी।
गांव में रामलीला का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान शराब के नशे में चार युवकों के बीच मामूली कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गोपी, उसके भाई दीपक, हुकुम सिंह और रौनक शराब भट्टी पर शराब पी रहे थे, तभी उनके सामने बैठे चार अन्य युवकों से उनका शराब का गिलास गिर गया। इसी बात पर विवाद हुआ और आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दिया। लेकिन इसके बाद आरोपियों ने ‘बदला लेने की ठान ली’।
‘हमने बदला लेने की ठान ली’-आरोपी का कबूलनामा
पुलिस पूछताछ में आरोपी गोपी ने बताया कि “हम शराब पी रहे थे, गिलास गिरा, बहस हुई… उन्होंने हमें अपमानित किया, फिर हमने बदला लेने की ठान ली।”इसके बाद सभी आरोपी अपने अन्य साथियों को लेकर रजऊं अड्डा पहुंचे, जहां उन्हें वही युवक मिल गए। आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इस दौरान दो युवकों विकास और अभिषेक यादव पर चाकू से हमला किया गया। अभिषेक यादव को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
18 अक्टूबर को पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच में घटना में शामिल चारों अभियुक्तों को चिन्हित किया।
18 अक्टूबर को पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों
दीपक, हुकुम सिंह और रौनक को रंगरेज ढाबे के सामने हाईवे से गिरफ्तार किया। वहीं चौथा आरोपी गोपी, हत्या में इस्तेमाल किए गए नाजायज चाकू के साथ पदारथपुर जाने वाले कच्चे रास्ते से पकड़ा गया।।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तेज़ कार्रवाई पर सराहना पत्र देने की घोषणा की है।
मृतक के पिता ने जताई पुरानी रंजिश की आशंका
हालांकि, इस पूरे मामले में मृतक अभिषेक यादव के पिता ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश में हत्या कराने का आरोप लगाते हुए अलग से मुकदमा दर्ज कराया था। मगर, पुलिस की जांच में मामला कुछ और निकला।
‘एक गिलास की कीमत… एक ज़िंदगी बन गई’
यह घटना एक बार फिर यह सवाल छोड़ जाती है कि आखिर नशे में इंसानियत कब तक कुचली जाती रहेगी?। सिर्फ एक गिलास शराब गिरने पर जान लेना उस समाज की तस्वीर दिखाता है जहाँ गुस्सा, नशा और हिंसा एक खतरनाक मिश्रण बन चुके हैं।
