पाकबड़ा में दो घंटे चली प्रशासन की कार्रवाई, 0.1620 हेक्टेयर सरकारी भूमि कराई गई कब्जामुक्त; भारी पुलिस बल रहा तैनात
मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बुधवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकबड़ा थाना क्षेत्र में स्थित एक दरगाह और उसके पास बने एक निर्माण को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
तालाब की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप
प्रशासन के अनुसार, पाकबड़ा निवासी महबूब पर तालाब की सरकारी भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर दरगाह का निर्माण कराने का आरोप था। जांच के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए करीब 0.1620 हेक्टेयर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया।
दो घंटे तक चला बुल्डोजर अभियान
मुरादाबाद-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे, तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी की दीवार से सटी इस दरगाह पर करीब दो घंटे तक बुल्डोजर अभियान चलाया गया। इस दौरान दरगाह के साथ बने एक अन्य निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया गया।
मौके पर मौजूद रहे प्रशासनिक अधिकारी
कार्रवाई के दौरान एसडीएम सदर सहित राजस्व विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखा।
दरगाह को बाबा फौलाद शाह की मजार बताया जा रहा
स्थानीय स्तर पर इस स्थल को बाबा फौलाद शाह की दरगाह (मजार) के रूप में जाना जाता है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
