बिजली चोरी के मुकदमे में जेल न भेजने और केस निस्तारण के नाम पर मांगी थी रिश्वत, शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरेली एंटी करप्शन टीम ने एंटी पावर थेफ्ट थाना, अलापुर रोड पर तैनात दरोगा कृष्णपाल सिंह को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दरोगा पर बिजली चोरी के मुकदमे में राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
जेल न भेजने और केस निस्तारण के नाम पर मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, दरोगा कृष्णपाल सिंह बिजली चोरी के एक मुकदमे में आरोपी को जेल न भेजने और केस का निस्तारण करने के बदले 6 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की।
शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद बरेली एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही दरोगा ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एंटी करप्शन टीम आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
आलापुर थाना क्षेत्र का मामला
यह पूरी कार्रवाई बदायूं के आलापुर थाना क्षेत्र में की गई। रिश्वतखोरी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। अब मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
