स्कूल की जमीन का लैंड यूज बदलवाने के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप, फर्जी सरकारी रसीद बनाने का भी दावा, एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
मुरादाबाद : मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक एवं कुंदरकी उपचुनाव लड़ चुके हाजी रिजवान, उनकी पत्नी शमा परवीन, पुत्र हाजी जुबैर और सपा नेता यूसुफ मलिक समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि स्कूल की भूमि का लैंड यूज बदलवाने के नाम पर पीड़ित से करीब 1.27 करोड़ रुपये लिए गए और सरकारी विभाग के नाम पर फर्जी रसीद भी तैयार कराई गई।
1.27 करोड़ रुपये लेने का आरोप
शिकायतकर्ता अब्दुल मुस्तफा का आरोप है कि आरोपियों ने स्कूल की भूमि का लैंड यूज बदलवाने और सौदा कराने के नाम पर 1 करोड़ 27 लाख 86 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और नकद के माध्यम से लिए, लेकिन वादा पूरा नहीं किया।
फर्जी सरकारी रसीद बनाने का भी आरोप
एफआईआर के अनुसार आरोपियों पर सरकारी विभाग के नाम से फर्जी रसीद तैयार कराने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। शिकायत में दावा किया गया है कि कथित दस्तावेजों के जरिए पीड़ित को भरोसे में लेकर बड़ी रकम वसूली गई।
एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित अब्दुल मुस्तफा ने पूरे मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल से की थी। शिकायत की जांच के बाद एसएसपी ने कार्रवाई के आदेश दिए, जिसके बाद थाना कुंदरकी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
2024 में कुंदरकी से लड़ा था उपचुनाव
हाजी रिजवान वर्ष 2024 के कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी रहे थे। वहीं इस मामले में नामजद सपा नेता यूसुफ मलिक को पूर्व मंत्री आजम खान का करीबी बताया जाता है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
