सपा प्रमुख का चढ़ावा विवाद AI पर वार, श्रीराम का वीडियो शेयर कर पूछा- क्या फिर चले गए वनवास, सुरंगजीवी, और संविधान को लेकर साधा निशाना
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को राम मंदिर के चढ़ावे, भाजपा, आरएसएस और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट और पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संघ नेताओं के बयान आने के बाद कहा कि “आखिरकार सुरंगजीवियों को बाहर आना ही पड़ा, क्योंकि अब अपयश का पानी सुरंग में गले तक भर गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर विवाद में जिम्मेदारी लेने के बजाय कुछ लोग खुद सामने आने से बच रहे हैं और दूसरों को आगे कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि अब “षड्यंत्रजीवी” एक-दूसरे की मुखबिरी कर रहे हैं और आपसी बंटवारे की लड़ाई कई राज सामने लाएगी।
असली पापियों को सजा देगा सत्य

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि “जो शातिर सेंध लगाकर, बोरी भरकर सुरंग के रास्ते बहुत दूर निकल गए हैं, वे याद रखें कि जहां भूमिगत मार्ग खत्म होगा, वहां सत्य उनके पापों की सजा देने के लिए प्रतीक्षा कर रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में डकैती हुई है और इस मामले में दोषियों को न अयोध्या माफ करेगी, न देश और न ही परम प्रभु।
2027 चुनाव पर फोकस, मुंबई प्रवासियों से मांगा सहयोग
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में मुंबई में रह रहे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लोगों के साथ आयोजित बैठक में अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने समाजवादी पार्टी का समर्थन किया और अब 2027 में भी पीडीए (PDA) की सरकार बनेगी। उन्होंने मुंबई में रहने वाले उत्तर प्रदेश के लोगों से अपील की कि चुनाव के दौरान अपने गृह जनपदों में आकर पार्टी की मदद करें। बैठक में मौजूद प्रवासी प्रतिनिधियों ने समाजवादी पार्टी को तन-मन-धन से सहयोग देने और चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
संविधान बचाने का चुनाव होगा 2027

सपा प्रमुख ने दावा किया कि 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा क्षेत्रीय दलों को तोड़कर बहुमत हासिल करने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
क्यों तेरी नगरी है उदास, क्या फिर चले गए बनवास
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर के कथित चढ़ावा विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर AI से तैयार एक वीडियो साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने सवाल किया, “क्या फिर चले गए वनवास?” और भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले में आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
ये नेता रहे मौजूद
बैठक का आयोजन समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष काशीनाथ यादव ने किया। इस दौरान महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष अबू आसिम आजमी सहित मुंबई से आए कई प्रवासी उत्तर प्रदेशवासी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
