6 जुलाई को उद्घाटन विशेष ट्रेनों को मिलेगी हरी झंडी, बरेली-पीलीभीत-शाहजहांपुर समेत कई शहरों की रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत
गोरखपुर/बरेली: पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) ने यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए टनकपुर-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी के मार्ग विस्तार की घोषणा की है। रेलवे प्रशासन के अनुसार 6 जुलाई को दोनों सेवाओं का उद्घाटन विशेष ट्रेनों के जरिए किया जाएगा। इन नई सुविधाओं से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा, वहीं शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली और आसपास के यात्रियों को सीधी यात्रा का लाभ मिलेगा।
6 जुलाई को चलेगी टनकपुर-नांदेड़ उद्घाटन विशेष ट्रेन

रेलवे के अनुसार 6 जुलाई 2026 को 05012 टनकपुर-नांदेड़ उद्घाटन विशेष ट्रेन टनकपुर से सुबह 10:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, अकोला, पूर्णा सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर नांदेड़ पहुंचेगी। रेलवे के मुताबिक 17631 नांदेड़-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 12 जुलाई 2026 से प्रत्येक रविवार को शुरू होगा। वहीं 17632 टनकपुर-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 14 जुलाई 2026 से प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा। इस ट्रेन में एसी, स्लीपर, सामान्य श्रेणी और पेंट्रीकार समेत कुल 21 कोच लगाए जाएंगे।
टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी अब शाहजहांपुर तक
पूर्वोत्तर रेलवे ने 55322/55323 टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी का मार्ग बढ़ाकर शाहजहांपुर तक करने का भी फैसला किया है।इसके तहत 6 जुलाई को 05021 पीलीभीत-शाहजहांपुर उद्घाटन विशेष ट्रेन चलाई जाएगी, जबकि विस्तारित मार्ग पर नियमित संचालन 7 जुलाई 2026 से शुरू होगा। नई व्यवस्था के तहत टनकपुर से चलने वाली सवारी गाड़ी अब खटीमा, पीलीभीत, बीसलपुर, निगोही होते हुए सीधे शाहजहांपुर पहुंचेगी और वापसी में भी इसी मार्ग से चलेगी।
यात्रियों, किसानों और विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा
रेलवे का कहना है कि इस मार्ग विस्तार से टनकपुर और शाहजहांपुर के बीच पहली बार सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
55351 सवारी गाड़ी के समय में भी बदलाव
रेलवे प्रशासन ने बताया कि मार्ग विस्तार के कारण 55351 पीलीभीत-शाहजहांपुर सवारी गाड़ी के पीलीभीत से शेरगंज के बीच संचालन समय में भी परिवर्तन किया गया है। यह ट्रेन अब पीलीभीत से दोपहर 1:50 बजे रवाना होगी और संशोधित समय के अनुसार आगे के स्टेशनों पर चलेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और संचालन की जानकारी अवश्य जांच लें।
