200 फीट बाइपास पर तेज रफ्तार ट्रॉला सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ा, तीन बच्चों की मौके पर मौत, एक बच्चा लापता, पुलिस ने शुरू की जांच
जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह 200 फीट बाइपास पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रॉला सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक बच्चे के लापता होने की भी सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, ट्रॉला तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रॉला पहले डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे पहुंच गया और वहां खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि तीन बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ट्रैफिक कांस्टेबल मुन्नेलाल मीणा ने बताया कि हादसे के बाद तीन बच्चों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक बच्चा अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार अभियान चला रही है।
हादसे में बच्चों के माता-पिता भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस, एंबुलेंस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
हादसे के बाद 200 फीट बाइपास पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर सड़क पर यातायात सामान्य कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉला तेज रफ्तार में था। हालांकि चालक के नियंत्रण खोने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के कारणों का खुलासा किया जाएगा।