माधोटांडा के कुंवरपुर गांव में तीन महीने पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायरिंग, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों को दबोचा
पीलीभीत : पीलीभीत के माधोटांडा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में 6 साल के मासूम यश, 15 साल की अंजलि समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब तीन माह पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि बीती रात बालकराम के घर के सामने दिनेश कुमार के भाई द्वारा कपड़े सुखाने को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान बालकराम ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से दो फायर कर दिए। फायरिंग के दौरान निकले छर्रे लगने से 6 वर्षीय यश, 15 वर्षीय अंजलि समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर ली है।
पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।