बरेली : विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सभी राजनीतिक दलों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को तेज़ और पारदर्शी बनाना था।
बीएलए को सक्रिय करने की अपील

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने बीएलए (Booth Level Agents) को सक्रिय करें, ताकि वे बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर घर-घर संपर्क कर सकें और इम्यूरशन फॉर्म जमा कराने में सहयोग दे सकें। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और त्रुटिरहित चुनाव के लिए मतदाता सूची का सही अद्यतन होना बेहद आवश्यक है, इसलिए सभी दलों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
राजनीतिक दलों ने दिया सहयोग का आश्वासन
बैठक में मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि उनके बीएलए अभियान के दौरान पूरी तरह सहयोग करेंगे और भरे हुए फॉर्म समय से उपलब्ध कराएंगे।
समस्याओं और सुझावों पर चर्चा
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से उनके क्षेत्रों में SIR प्रक्रिया से जुड़ी चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। प्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याएं साझा कीं, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। जिलाधिकारी ने सुझावों को गंभीरता से लेते हुए प्रक्रिया को और सरल एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
बैठक में मौजूद अधिकारी

इस बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक, उप जिलाधिकारी सदर सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
