भमोरा थाना क्षेत्र के बल्लिया दत्ताश्यामपुर गांव में वारदात से सनसनी, रविवार रात पानी की टंकी की रखवाली कर रहे थे बलराम
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक बुजुर्ग चौकीदार की हत्या का मामला सामने आया है।देहात के भमोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बल्लिया दत्ताश्यामपुर में पानी की टंकी पर ड्यूटी कर रहे 65 वर्षीय चौकीदार बलराम का शव सोमवार सुबह खून से लथपथ हालत में मिला। उनके।शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
रात में पानी की टंकी की रखवाली कर रहे थे बलराम
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बल्लिया दत्ताश्यामपुर निवासी 65 वर्षीय बलराम गांव में बनी पानी की टंकी पर चौकीदार के रूप में तैनात थे। रविवार रात वह रोजाना की तरह टंकी की रखवाली करने पहुंचे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उनकी मौत हो गई।सोमवार सुबह जब परिजन पानी की टंकी पर पहुंचे तो बलराम का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। घटना की जानकारी गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। बुजुर्ग चौकीदार की हत्या से परिवार में मातम पसरा है, जबकि गांव में घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हत्या के पीछे क्या वजह, पुलिस खंगाल रही हर पहलू
बलराम की हत्या किसने और किस मकसद से की, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि मृतक का किसी व्यक्ति से पुराना विवाद था या किसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। इसके अलावा अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, अभी तक हत्या के पीछे किसी निश्चित वजह या किसी संदिग्ध की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, आरोपियों की तलाश जारी
इस घटना की सूचना मिलने पर भमोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की परिस्थितियों और चोटों की प्रकृति के संबंध में जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस का प्रयास है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वारदात का खुलासा किया जाए और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके। भमोरा इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह ने मीडिया को बताया कि चौकीदार की हत्या के मामले में जांच की जा रही है। घटना से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
