बरेली: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) के कार्यों को सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने शहर के समस्त कोटेदारों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में SIR प्रक्रिया को समय पर और सटीक तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया गया।
कोटेदारों को बीएलओ की सहायता करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी कोटेदारों से कहा कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित करें और मतदाताओं के वास्तविक निवास स्थान की पहचान कराने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि कोटेदार लंबे समय से क्षेत्र में कार्यरत हैं और स्थानीय लोगों से नियमित संपर्क में रहते हैं, इसलिए उनके पास सही जानकारी होती है। ऐसे में लोगों को बीएलओ से मिलवाने और गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कोटेदार इस कार्य को मनोयोग से करें, ताकि निर्धारित समय सीमा में SIR के सभी चरण सफलतापूर्वक पूरे कराए जा सकें।
अधिकारीगण रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार, शहर के समस्त कोटेदार और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि SIR प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इस कार्य में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
