बरेली : शहर के प्रेम नगर थाना क्षेत्र में एडवोकेट महजबीन की संदिग्ध हालात में मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। महजबीन एक प्रतिष्ठित परिवार से थीं। वे एडीजे (जज) असगर अली की रिश्तेदार और एडवोकेट अच्छन अंसारी की भतीजी थीं। उनकी अचानक मौत से परिवार और वकील समुदाय दोनों में शोक और गहरा आक्रोश है।
मृतक पेशे से अधिवक्ता
जानकारी के अनुसार, महजबीन डॉ. हाशिम अंसारी की बेटी थीं, और पेशे से खुद भी अधिवक्ता थीं। उनकी शादी 27 फरवरी 2024 को शाहाबाद निवासी डॉ. तलहा से हुई थी, लेकिन विवाह के सिर्फ नौ महीने बाद उनकी संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि यह मौत नहीं, दहेज हत्या है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही महजबीन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन ससुराल पहुंचे। यहां का माहौल चीख-पुकार और हंगामे में बदल गया।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
शहर की प्रेम नगर पुलिस ने The Justice Hindi को बताया कि मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि “पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।” फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और वकील समुदाय इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
