मुगरांव निवासी पवन यादव की मंगलवार शाम गोली मारकर हुई थी हत्या, पुलिस की जांच में हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला और उसके साथियों पर शक गहराया
प्रयागराज: हंडिया में समाजवादी पार्टी के गंगापार जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। चारों आरोपी हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव गांव के ही बताए जा रहे हैं। इनमें एक आरोपी गांव की महिला प्रधान का पति भी बताया जा रहा है। पुलिस जांच में हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला यादव की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोली लल्ला ने ही चलाई थी। उसके साथ बाइक पर गांव के ही निहाल अली और बृजेश यादव के होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बाइक और वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा बरामद किया है।
हिस्ट्रीशीटर लल्ला पर दर्ज हैं कई मुकदमे
जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ जिले के कई थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट समेत गंभीर धाराओं में दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मूलरूप से भदोही निवासी जितेंद्र यादव वर्ष 2022 में हत्या के एक मामले में जेल भी जा चुका है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि जितेंद्र को पवन यादव पर मुखबिरी करने का संदेह था। इसी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। वारदात के समय बाइक सवार तीन बदमाशों में से एक का हुलिया जितेंद्र यादव से मिलता-जुलता बताए जाने के बाद पुलिस की जांच इस दिशा में आगे बढ़ी।
प्रधान के पति से भी पवन यादव की रंजिश
पुलिस ने चौथे आरोपी के रूप में गांव की महिला प्रधान के पति विनोद यादव को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि विनोद यादव से भी पवन यादव की पुरानी रंजिश थी। पुलिस अब चारों आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह और उनकी भूमिका को लेकर जानकारी जुटा रही है। पुलिस मामले का विस्तृत खुलासा बुधवार शाम तक कर सकती है।
थाने से 500 मीटर दूर हुई थी हत्या
पवन कुमार यादव की मंगलवार शाम हंडिया कस्बे के कर्मनाशा मोहल्ले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात हंडिया थाने से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई थी। पवन यादव मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अपनी कार से हंडिया कस्बे पहुंचे थे। उन्होंने कर्मनाशा मोहल्ले में सड़क किनारे कार खड़ी की और पास स्थित एक कैफे में दोस्तों के साथ बातचीत करने चले गए। करीब दो घंटे बाद शाम लगभग 5:20 बजे वह कैफे से बाहर निकलकर अपनी कार के पास पहुंचे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। बाइक की रफ्तार धीमी करते हुए पीछे बैठे बदमाश ने पवन को निशाना बनाकर गोली चला दी।
पीठ में लगी गोली, इलाज के दौरान मौत
गोली पवन यादव की पीठ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने के बाद पुलिस उन्हें हंडिया कस्बे के एक निजी अस्पताल ले गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। एसआरएन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पवन यादव को मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद बाइक सवार तीनों बदमाश वाराणसी की ओर भाग निकले थे। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी थी।
पोस्टमार्टम हाउस पर जुटे सपा नेता और समर्थक
बुधवार सुबह एसआरएन अस्पताल परिसर स्थित पोस्टमार्टम हाउस में हंडिया, सिविल लाइंस समेत कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और हंडिया क्षेत्र के लोग भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पूर्व ग्राम प्रधान भी रह चुके थे पवन यादव
मुगरांव गांव निवासी पवन कुमार यादव पूर्व ग्राम प्रधान रह चुके थे। उनकी मां धनराजी देवी भी गांव की पूर्व प्रधान रही हैं। वर्तमान में पवन यादव समाजवादी पार्टी के गंगापार जिला सचिव के पद पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी नीतू देवी, तीन बेटियां खुशी, मुस्कान और छोटी तथा बेटा प्रिंस है। पुलिस की हिरासत में लिए गए चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है। बरामद तमंचे और बाइक को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस हत्या की पूरी साजिश, हमलावरों की भूमिका और पुरानी रंजिश के कनेक्शन की जांच कर रही है।
