पहले दिन 1029 अभ्यर्थी शामिल, 1018 ने लगाई दौड़ और 898 अभ्यर्थी सफल, रेस के दौरान एक और अभ्यर्थी को चक्कर आने से लगी चोट
बरेली : बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार से होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हो गई। परीक्षा 22 सितंबर तक चलेगी। इसमें प्रतिदिन करीब 1050 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है। पहले दिन दौड़ पूरी करने के बाद दो अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 22 सितंबर तक चलने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा में कुल 7800 अभ्यर्थियों को शामिल होना है। पहले दिन निर्धारित 1050 अभ्यर्थियों में से 1029 अभ्यर्थी उपस्थित हुए।इनमें से 1018 अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया, जबकि 898 अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे। वहीं, 120 अभ्यर्थी असफल घोषित किए गए, जबकि 11 अभ्यर्थियों को अगली तिथि में परीक्षा देने का मौका दिया गया।
दौड़ पूरी करने के बाद इरशाद की बिगड़ी तबीयत
दौड़ में शामिल पीलीभीत के सुंदरनगर निवासी इरशाद भी सफल अभ्यर्थियों में शामिल रहे।बताया गया कि दौड़ पूरी करने के बाद वह रुके और पानी पिया। कुछ देर बाद उन्हें घबराहट और चक्कर आने लगे और वह गिर पड़े। बताया गया कि उनकी तबीयत बिगड़ने के साथ शरीर का तापमान भी बढ़ गया। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, गर्मी में शारीरिक मेहनत और दौड़ लगाने के कारण इस तरह की परेशानी हो सकती है। हालांकि, संबंधित अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जांच के बाद ही उनकी स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
दूसरे अभ्यर्थी सचिन की भी बिगड़ी तबीयत
इसी दौरान पीलीभीत निवासी एक अन्य अभ्यर्थी सचिन की भी तबीयत बिगड़ गई। उनकी स्थिति भी दौड़ के बाद खराब हुई। उन्हें कुछ समय के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया।
दौड़ के दौरान सूर्य प्रकाश को आए चक्कर
होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान एक अन्य अभ्यर्थी सूर्य प्रकाश को भी दौड़ते समय चक्कर आने की समस्या हुई। पीलीभीत के कल्याणपुर नौगामा निवासी सूर्य प्रकाश मंगलवार सुबह शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने पहुंचे थे। बताया गया कि सातवें राउंड के बाद उन्हें चक्कर आने लगे और वह गिर गए, जिससे उन्हें हल्की चोट भी लगी। इसके बाद उनका उपचार कराया गया।
पहले दिन के आंकड़ों पर एक नजर
कुल निर्धारित अभ्यर्थी: 1050 उपस्थित अभ्यर्थी: 1029
दौड़ में शामिल: 1018
दौड़ में सफल: 898
असफल: 120
अगली तिथि के लिए: 11
भर्ती परीक्षा: 22 सितंबर तक
कुल शामिल होने वाले अभ्यर्थी: 7800
