शहर की सफाई से लेकर सजावट तक चलेगा विशेष अभियान,नगर निगम सीमा से तीन किलोमीटर बाहर तक भी सफाई की योजना, बाजारों में व्यापार मंडलों और मोहल्लों में समितियों को जोड़ा जाएगा
बरेली : शहर में सफाई, स्वच्छता और सजावट को लेकर नगर निगम ने 30 दिन का विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है। बुधवार को मेयर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने पार्षदों के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा और जिम्मेदारियों पर चर्चा की।अभियान 17 अक्टूबर तक चलाने की योजना है। अभियान के दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के साथ ही सजावट और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां भी कराई जाएंगी।बाजारों में व्यापार मंडलों को अभियान से जोड़ने की तैयारी है, जबकि स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठन और मोहल्ला समितियों की भी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
नगर निगम सीमा से 3 किमी.बाहर तक सफाई की योजना
अभियान की खास बात यह है कि सफाई व्यवस्था को केवल नगर निगम की सीमा तक सीमित नहीं रखने की योजना बनाई गई है। नगर निगम अपनी सीमा से तीन किलोमीटर बाहर तक संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सफाई व्यवस्था कराने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए ग्राम विकास और पंचायती राज विभाग का सहयोग लिया जाएगा। इससे शहर की सीमा से सटे बाहरी क्षेत्रों में भी सफाई व्यवस्था को बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा।
बाजारों और मोहल्लों में भी चलेगा अभियान
अभियान में शहर के बाजारों को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए व्यापार मंडलों से सहयोग लेने की तैयारी है। वहीं मोहल्ला समितियों और सामाजिक संगठनों को भी स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा। सफाई के साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर सजावट और अन्य गतिविधियां कराने की भी योजना है।
25 सितंबर और 2 अक्टूबर को विशेष कार्यक्रम
अभियान के दौरान 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती और 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम और प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने की तैयारी है।
मेयर-पार्षदों की बैठक में तय होगी जिम्मेदारी
बुधवार को हुई बैठक में मेयर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने पार्षदों के साथ अभियान की अलग-अलग गतिविधियों पर चर्चा की।अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए जिला और निकाय स्तर पर नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की योजना है। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारियों को अभियान के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए जाएंगे।
हर गतिविधि का तैयार होगा डिजिटल रिकॉर्ड
17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने की भी योजना है। इससे अभियान के तहत किए गए कार्यों की निगरानी और समीक्षा की जा सकेगी। नगर निगम की इस पहल में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों की भागीदारी पर जोर दिया जा रहा है। अब देखना होगा कि अभियान शुरू होने के बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई एवं सजावट के स्तर पर कितना बदलाव दिखाई देता है।
