चारपाई पर आम, 2027 पर मंथन! लखनऊ में भाजपा की बड़ी रणनीति बैठक, विपक्ष को लेकर क्या बना प्लान?
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ किया चुनावी मंथन, जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच सक्रिय रहने का दिया संदेश
लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर हैं। शनिवार को उन्होंने भाजपा और सहयोगी दलों के नेताओं के साथ वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। वहीं रविवार को उन्होंने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर भोजन किया और चारपाई पर बैठकर आम का स्वाद लेते हुए वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन किया।
वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बी.एल. संतोष और प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। भोजन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्र प्रेरणा स्थल भी पहुंचे।
विपक्ष की रणनीति से सतर्क रहने की सलाह
शनिवार को लखनऊ पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि विपक्ष समाज को जातियों के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा पर अडिग रहना होगा और विपक्ष की राजनीतिक रणनीति से सतर्क रहना होगा।
जनता के बीच जाने का दिया निर्देश
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाखों युवाओं को रोजगार और करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिला है। इसके बावजूद यदि यह समर्थन वोट में नहीं बदल रहा है तो इसका कारण जनता से संवाद की कमी हो सकती है। उन्होंने सभी सांसदों और विधायकों को निर्देश दिया कि वे दफ्तरों तक सीमित न रहें, बल्कि लगातार जनता के बीच जाकर विकास कार्यों की जानकारी दें और संगठन की प्रत्येक बैठक में सक्रिय भागीदारी करें।
2027 में फिर प्रचंड बहुमत का दावा
नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि अगले सात से आठ महीनों की सामूहिक मेहनत के बल पर भाजपा उत्तर प्रदेश में विपक्ष को कड़ी चुनौती देगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और प्रदेश में डबल इंजन सरकार का सिलसिला जारी रहेगा।
