बरेली: शहर के कैंट थाना क्षेत्र में नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप गोस्वामी की मौत का मामला अब कई सवालों के घेरे में आ गया है।परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर मृतक की पत्नी गुंजा और साली रीना को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मौत से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सुभाषनगर थाने में तैनात दरोगा पर लगाए गए आरोपों ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस ने एक ओर जहां आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज की है, वहीं दूसरी ओर वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए एसपी सिटी की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच समिति भी गठित कर दी गई है।
परिजनों की तहरीर पर आत्महत्या को उकसाने का मुकदमा
मृतक कुलदीप गोस्वामी की मौत के बाद 4 जुलाई को मृतक के परिजनों ने शहर के थाना कैंट में तहरीर दी। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमे में कुलदीप की पत्नी गुंजा, उसके भाई अमित कुमार, बहन रीना और बहनोई सतीश को नामजद किया गया है। परिजनों का आरोप है कि कुलदीप को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के साथ ही मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पत्नी गुंजा और साली रीना गिरफ्तार
मुकदमा दर्ज होने के बाद कैंट पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर रविवार सुबह आजाद मोहल्ला, सदर बाजार से कुलदीप की पत्नी गुंजा और उसकी बहन रीना को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई के बाद साफ है कि पुलिस अब इस केस को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है।
वायरल वीडियो में दरोगा पर लगे आरोप
इस मामले ने नया मोड़ उस समय लिया, जब कुलदीप की मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में कुलदीप ने अपनी पत्नी, ससुराल पक्ष और सुभाषनगर थाने में तैनात एक दरोगा पर गंभीर आरोप लगाए थे। आरोप था कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई, और पुलिस स्तर पर उसे राहत मिलने के बजाय उल्टा दबाव झेलना पड़ा। वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए बरेली पुलिस ने एसपी सिटी की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। यह समिति वीडियो में लगाए गए आरोपों, संबंधित पुलिसकर्मी की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करेगी।
सुसाइड नोट,पोस्टमार्टम और पूछताछ से खुल रही पूरे विवाद की परतें
पुलिस के मुताबिक, इस घटना के बाद मौके से फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए और एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। इसको जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ भी जारी है। पूछताछ में गुंजा ने बताया कि उसकी शादी 15 अप्रैल 2026 को कुलदीप से हुई थी, लेकिन बाद में उसे कुलदीप की पुरानी शादियों और उसके बेटे के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और वह मायके में रहने लगी। अब पुलिस के सामने एक साथ कई बिंदु हैं,परिजनों के आरोप, पत्नी पक्ष का बयान, वायरल वीडियो, सुसाइड नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट। इन्हीं सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी और यही जांच इस मामले की असली तस्वीर सामने लाएगी।
