बारादरी पुलिस की तत्परता से सुरक्षित रेस्क्यू, बाल कल्याण समिति के आदेश पर दत्तक ग्रहण इकाई भेजा गया, परिजनों की तलाश जारी
बरेली : शहर के सैटेलाइट बस स्टैंड से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बीती रात करीब 1:30 बजे एक मासूम शिशु ठेले के नीचे लावारिस हालत में मिला। सूचना मिलते ही थाना बारादरी पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम मौके पर पहुंची, और तत्काल रेस्क्यू कर बच्चे की जान बचाई। फिलहाल शिशु सुरक्षित है, जबकि उसके माता-पिता या परिजनों की तलाश की जा रही है।
ठेले के नीचे लावारिस हालत में मिला मासूम
जानकारी के अनुसार, देर रात सैटेलाइट बस स्टैंड पर एक ठेले के नीचे नवजात शिशु के पड़े होने की सूचना मिली। थाना बारादरी पुलिस ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।प्रारंभिक जांच में आसपास कोई परिजन या अभिभावक नहीं मिला।
चाइल्ड हेल्पलाइन ने संभाली जिम्मेदारी
रेस्क्यू के बाद शिशु को नियमानुसार थाना बारादरी के माध्यम से सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने बच्चे को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), बरेली के समक्ष प्रस्तुत किया।समिति के आदेश पर शिशु को सुरक्षित देखभाल के लिए राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई में प्रवेश दिलाया गया।
परिजनों की तलाश जारी
प्रथम दृष्टया शिशु के माता-पिता या परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन अब बच्चे की पहचान कराने और उसके परिवार तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
लोगों से सहयोग की अपील
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और थाना बारादरी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस शिशु, उसके माता-पिता या गुमशुदगी से संबंधित कोई भी जानकारी हो, तो तत्काल 1098 या थाना बारादरी को सूचना दें। एक छोटी-सी सूचना इस मासूम को उसके परिवार से मिलाने में अहम साबित हो सकती है।
1098 पर तुरंत दें सूचना
चाइल्ड हेल्पलाइन ने लोगों से यह भी आग्रह किया है कि यदि कहीं कोई बच्चा लावारिस, असहाय या संकट की स्थिति में दिखाई दे, तो बिना देर किए 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
