पीलीभीत बाईपास पर आधुनिक शहर बसाने की तैयारी तेज, आवास, रोजगार और निवेश को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
बरेली : बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने पीलीभीत बाईपास क्षेत्र में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय टाउनशिप विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल की है।प्राधिकरण ने अब तक 117 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा कर लिया है, और इसके एवज में किसानों को लगभग 560 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है।यह परियोजना बरेली के सुनियोजित शहरी विकास की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल मानी जा रही है।प्राधिकरण के अनुसार, भूमि क्रय की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और शासन के निर्धारित नियमों के तहत की जा रही है। अब तक 258 बैनामों के माध्यम से ग्राम कुम्हरा, नवदिया कुर्मियान, अडूपुरा जागीर, आसपुर खूबचन्द, वरकापुर, हरहरपुर, कलापुर, अहिलादपुर और मोहरिया में भूमि खरीदी जा चुकी है। किसानों को समयबद्ध तरीके से भुगतान किए जाने से परियोजना के प्रति उनका विश्वास भी लगातार बढ़ा है।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगी नई टाउनशिप

प्रस्तावित टाउनशिप को आधुनिक शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। इसमें सुव्यवस्थित आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र, चौड़ी सड़कें, हरित क्षेत्र, पार्क, आधुनिक जलापूर्ति एवं सीवरेज व्यवस्था, वर्षा जल निकासी प्रणाली, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य एवं शिक्षा संस्थानों के लिए स्थान, खेल मैदान और सामुदायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर जीवन-परिवेश उपलब्ध कराना है।
रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

BDA का मानना है कि इस परियोजना से न केवल बरेली की बढ़ती आवासीय जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि पीलीभीत बाईपास क्षेत्र निवेश और व्यावसायिक गतिविधियों का नया केंद्र बनकर उभरेगा। नई टाउनशिप के विकास से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थानीय कारोबार को गति मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों में भी आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास होगा।
समयबद्ध तरीके से पूरी होगी परियोजना
बरेली विकास प्राधिकरण ने कहा है कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्राधिकरण का उद्देश्य पीलीभीत बाईपास पर ऐसी आधुनिक टाउनशिप विकसित करना है, जो भविष्य में बरेली के सुनियोजित और संतुलित शहरी विकास की नई पहचान बने।
