मुरादाबाद: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। सड़क किनारे पैदल जा रही दो बुजुर्ग महिलाओं को सफेद रंग की कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक महिला उछलकर सड़क पर जा गिरी। हादसे में दोनों महिलाएं घायल हो गईं। इनमें से एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।
डॉक्टर को दिखाने आई थीं दोनों महिलाएं
बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं मूल रूप से अमरोहा की रहने वाली थीं और डॉक्टर को दिखाने के लिए मुरादाबाद आई थीं। इसी दौरान रामगंगा विहार में सड़क किनारे चलते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ खौफनाक हादसा
यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में सफेद कार बुजुर्ग महिलाओं को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि घटना 4 नवंबर की है।
अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मामले में पुलिस ने अज्ञात कार सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
