पटियाला: अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार जनरल कोचों में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के डिब्बों से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। घटना राजपुरा के नजदीक हुई। आग और धुएं से घबराए कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतरने लगे। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, किसी यात्री के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
साधुगढ़ स्टेशन से रवाना होने के कुछ देर बाद लगी आग
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12508 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी कर्मभूमि एक्सप्रेस शुक्रवार दोपहर 12:58 बजे फतेहगढ़ साहिब जिले के साधुगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। इसके कुछ ही समय बाद राजपुरा के नजदीक ट्रेन के जनरल कोचों में आग लग गई। बताया गया कि इंजन से पांचवें नंबर पर स्थित कोच संख्या 265287GS में सबसे पहले आग भड़की। देखते ही देखते धुआं और आग की लपटें आसपास के डिब्बों तक फैल गईं। आग की चपेट में कुल चार जनरल कोच आ गए। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच दहशत फैल गई।
धुआं भरते ही जान बचाने के लिए बाहर निकले यात्री
ट्रेन के डिब्बों में आग और धुआं फैलने के बाद यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कोच के अंदर धुआं भरने लगा तो लोग अपना सामान छोड़कर बाहर निकलने लगे। कई यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गए। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे प्रशासन को सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। टीमों ने आग बुझाने के साथ यात्रियों को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया।
अंबाला से रवाना की गई दुर्घटना राहत चिकित्सा ट्रेन
आपात स्थिति से निपटने के लिए रेलवे ने अंबाला से दोपहर 1:20 बजे दुर्घटना राहत चिकित्सा ट्रेन रवाना की। इसमें एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल इक्विपमेंट (एआरएमई) उपलब्ध था, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी जा सके। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार जनरल कोचों में आग लगने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग किस कारण लगी और इसकी शुरुआत कैसे हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
