लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को धनतेरस पर्व और धन्वंतरि जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील की कि धनतेरस पर उपहार देने के लिए उत्तर प्रदेश के एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के उत्पादों को प्राथमिकता दें। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि धनतेरस का पावन पर्व समृद्धि, शुभता और मंगल का प्रतीक है। इस अवसर पर अपने उत्सव की खुशियों में प्रदेश के कर्मठ कारीगरों और शिल्पकारों को भी सहभागी बनाएं। उनकी कला और निरंतर मेहनत प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी समृद्ध कर रही है।
शिल्पकारों और दस्तकारों की उद्यमशीलता को सराहा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों और शिल्पकारों की प्रतिभा का उल्लेख करते हुए कहा कि भदोही के विश्वप्रसिद्ध कालीन, प्रयागराज का मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के काष्ठ खिलौने उत्तर प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 में 84 हजार करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के शिल्पकारों और दस्तकारों की उद्यमशीलता एवं सामर्थ्य का प्रमाण बताया।
एक्सपो मार्ट और कार्पेट बाजार से मिल रही वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री के अनुसार, लखनऊ और ग्रेटर नोएडा के आधुनिक एक्सपो मार्ट तथा भदोही का कार्पेट बाजार प्रदेश के पारंपरिक शिल्पों को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिला रहे हैं। इन प्रयासों से स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
‘लोकल वाली दिवाली’ मनाने का किया आह्वान
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से इस धनतेरस पर ओडीओपी उत्पादों को ही उपहार स्वरूप चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के आंगन में स्वावलंबन और सम्मान का दीप जला सकती है। मुख्यमंत्री ने लोगों से ‘लोकल वाली दिवाली’ मनाने और ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
4,543 उप निरीक्षकों और प्लाटून कमांडरों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित 4,543 उप निरीक्षकों और प्लाटून कमांडरों को धनतेरस के अवसर पर लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और एक बार फिर प्रदेशवासियों को धनतेरस एवं धन्वंतरि जयंती की शुभकामनाएं दीं।
