साफ सफाई, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन व दरगाह प्रबंधन की संयुक्त बैठक
बरेली: आगामी 108वें उर्स -ए-रज़वी और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों और दरगाह आला हज़रत के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।बैठक में जायरीन और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में दरगाह आला हज़रत के प्रतिनिधियों ने बताया कि उर्स-ए-रज़वी का आयोजन 7, 8 और 9 अगस्त 2026 को होगा।
दुनियाभर से आयेंगे जायरीन

उर्स में शिरकत करने को देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन बरेली पहुंचेंगे। प्रतिनिधियों ने प्रशासन से इस्लामिया ग्राउंड एवं आसपास के उन विद्यालयों में, जहां जायरीन ठहरते हैं, गड्ढे भरवाने, साफ -सफाई, पेयजल, हैंडपंप, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा कुतुबखाना क्षेत्र में पुल से होने वाले जल रिसाव को ठीक कराने, उर्स से एक दिन पहले से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, जिला अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य शिविर और एंबुलेंस उपलब्ध कराने, रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने तथा ट्रेनों की समय-सारिणी प्रदर्शित कराने का भी अनुरोध किया गया, ताकि जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बिजली, और पानी की सप्लाई की रखी मांग
बैठक में मथुरापुर और दरगाह क्षेत्र में नालों की सफाई, जलभराव की रोकथाम, झाड़ियों की कटाई, लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त करने, बिजली के पोलों पर सुरक्षा के लिहाज से इंसुलेशन कराने तथा उर्स के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग भी रखी गई। दरगाह परिसर और उर्स स्थल पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा वुजू के लिए पर्याप्त पानी और टोटियों की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया।
डीएम ने दी ये हिदायत

डीएम अविनाश सिंह ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आला हज़रत का उर्स बरेली का एक प्रमुख धार्मिक आयोजन है। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने दरगाह प्रबंधन से स्वयंसेवकों को पहचान पत्र जारी करने, पूर्व की भांति पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, सोशल मीडिया पर अफवाहों पर नजर रखने, प्रभावी कचरा निस्तारण और अग्निशमन व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश भी दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कहा कि उर्स और कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी।
यह अफसर और दरगाह कमेटी के लोग मौजूद
इस बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एडीएम न्यायिक देश दीपक, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं दरगाह की ओर से हाजी जावेद खान, ताहिर अल्वी, शान रज़ा, मंज़ूर रज़ा, औरंगज़ेब नूरी, शाहिद नूरी, परवेज़ नूरी, अजमल नूरी समेत प्रतिनिधियों ने सुझाव दिए। दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि प्रशासन ने गत वर्षों से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है। इससे उर्स -ए-रज़वी में आने वाले लाखों जायरीन और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
