बरेली : जिले के आंवला थाना क्षेत्र में मनौना धाम मंदिर के महंत के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र, अशोभनीय और धमकी भरी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में वांछित चल रहे आरोपी रोहित यादव उर्फ पप्पू को आंवला पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया।आरोपी को पुणे की अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर बरेली लाया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज था, और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
महंत के खिलाफ वायरल की थी अभद्र, और धमकी भरी वीडियो
पुलिस के अनुसार, 10 जून को ग्राम मनौना निवासी मोहित पाठक ने थाना आंवला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कस्बा आंवला के भुर्जी टोला निवासी रोहित यादव उर्फ पप्पू ने मनौना धाम मंदिर के महंत ओमेन्द्र महाराज के संबंध में सोशल मीडिया पर अशोभनीय, अभद्र और धमकीपूर्ण वीडियो वायरल की है। इस शिकायत के आधार पर थाना आंवला में मुकदमा किया गया। शुरुआत में मामले में धारा 353(2) और 45 बीएनएस के तहत केस दर्ज हुआ था। इसके बाद में विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर इसमें धारा 308(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
महाराष्ट्र में फैक्ट्री से दबोचा आरोपी
आंवला पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई थी। इसी क्रम में 3 जुलाई को थाना आंवला से एक पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना की गई। टीम में एसएसआई धर्मपाल सिंह, एसआई सोमपाल सिंह, आरक्षी जयंत चौधरी और वाहन चालक शामिल थे। सर्विलांस सेल बरेली से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 6 जुलाई को महाराष्ट्र के एक मशरूम फैक्ट्री परिसर से आरोपी रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसका मेडिकल परीक्षण पुणे के वाईसीएम हॉस्पिटल में कराया गया और फिर नियमानुसार उसे थाना देहू रोड, पुणे में दाखिल कराया गया।
पुणे कोर्ट से मिला ट्रांजिट रिमांड, फिर बरेली लाई पुलिस
गिरफ्तारी के अगले दिन यानी 7 जुलाई को आरोपी को महाराष्ट्र के वडगांव मावल स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी का 10 जुलाई तक ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दिया। इसके बाद आंवला पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर बरेली रवाना हुई और उसे सकुशल थाना आंवला लाया गया। अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
आरोपी थाना आंवला का हिस्ट्रीशीटर बताया गया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रोहित यादव मोहल्ला भुर्जी टोला, कस्बा व थाना आंवला का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 33 वर्ष है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी थाना आंवला का हिस्ट्रीशीटर है। ऐसे में इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
