3, 10, 17 और 24 अगस्त को विद्यार्थियों के लिए रहेगा अवकाश, शिक्षक-कर्मचारी करेंगे शासकीय कार्य,बोर्ड और विश्वविद्यालय की निर्धारित परीक्षाएं होंगी यथावत
बरेली : सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा और लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए बरेली जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह ने आदेश जारी कर जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थानों में सावन के चारों सोमवार-3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 24 अगस्त—को विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है।
स्टूडेंट को आवागमन में होती थी दिक्कत

डीएम के अनुसार सावन के प्रत्येक सोमवार से पहले रविवार रात से ही बड़ी संख्या में कांवड़िए बरेली के सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगते हैं। सोमवार सुबह जलाभिषेक के बाद श्रद्धालु विभिन्न मार्गों से लौटते हैं। शहर में कांवड़ के चलते प्रमुख मार्गों पर कई घंटों तक भारी यातायात दबाव और जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इन शिक्षण संस्थानों पर लागू रहेगा आदेश
प्रशासन के आदेश के अनुसार बरेली महानगर के सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्डों से संचालित सरकारी और निजी विद्यालयों में यह अवकाश लागू रहेगा। इसके अलावा दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर दायरे में स्थित सभी महाविद्यालय, तकनीकी संस्थान, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और अन्य शिक्षण संस्थान भी इस आदेश के दायरे में शामिल होंगे।
विद्यार्थियों की छुट्टी, स्टाफ रहेगा मौजूद
चारों सोमवार विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं नहीं लगेंगी।हालांकि, विद्यालयों और कॉलेजों के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों को शासकीय और प्रशासनिक कार्यों के लिए संस्थानों में उपस्थित रहना होगा, ताकि आवश्यक कार्यालयी कार्य प्रभावित न हों।
परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार
डीएम ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विश्वविद्यालय, बोर्ड या आयोग की पूर्व निर्धारित परीक्षा इन तिथियों पर प्रस्तावित है, तो उसका आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। परीक्षा कार्यक्रम में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है। सभी शिक्षण संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा और यातायात को लेकर प्रशासन सतर्क
जिला प्रशासन का कहना है कि सावन के दौरान बरेली में बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है, ताकि अनावश्यक भीड़ और जाम के बीच छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
